कोंच (गया)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोंच प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ददरेजी-रफीगंज मुख्य मार्ग पर पड़रामा मोड़ के समीप दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलें तेज गति से विपरीत दिशा से आ रही थीं। पड़रामा मोड़ के पास अचानक दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में ददरेजी गांव निवासी मनोज सिंह के पुत्र शांतनु कुमार और प्रधान गांव निवासी बनारसी यादव के दामाद धर्मेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि धर्मेंद्र यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल शांतनु कुमार समेत अन्य लोगों को तत्काल सीएचसी कोंच ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद शांतनु कुमार को भी मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दुर्घटना में घायल दो अन्य लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सीएचसी कोंच में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया।
राखी बांधने की तैयारी के बीच पहुंची मौत की खबर
रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना से मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस दिन बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सलामती और लंबी उम्र की दुआ कर रही थीं, उसी दिन दो परिवारों में मातम पसर गया। दोनों मृतकों के घर पर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।






