बेलागंज। आस्था के साथ सेवा का भाव जुड़ जाए तो धार्मिक आयोजन समाजसेवा की मिसाल बन जाता है। पाई बिगहा बाजार की बाबा पातालेश्वर महादेव निःशुल्क लंगर सेवा समिति पिछले 15 वर्षों से सावन में कुछ इसी भावना के साथ वाणावर के गौ घाट पर शिवभक्तों की सेवा कर रही है। सावन के प्रत्येक सोमवार को समिति की ओर से लगाए जाने वाले लंगर में दूर-दराज से पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन, फलाहार, अल्पाहार और पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। सावन की अंतिम सोमवारी पर भी गौ घाट पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। वाणावर पहाड़ पर स्थित बाबा सिद्धेश्वरनाथ महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के बाद बड़ी संख्या में कांवरिये व शिवभक्त लंगर स्थल पहुंचे। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर भोजन कराया और पेयजल की व्यवस्था संभाली। समिति के सदस्यों के अनुसार, लंगर का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि वाणावर आने वाले श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा देना है। जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। व्यवस्था में स्थानीय व्यवसायियों, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी सहयोग मिलता है। कोई आर्थिक मदद करता है तो कोई खाद्य सामग्री अथवा श्रमदान के जरिए सेवा में भागीदारी निभाता है। पिछले डेढ़ दशक से जारी यह सामूहिक पहल अब वाणावर की धार्मिक यात्रा में सेवा और सामाजिक सहयोग की पहचान बन चुकी है।






