गया। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय मंडल आयोग के अध्यक्ष रहे दिवंगत बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल की जयंती के अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने अपना सार्वजनिक जीवन समाज के कमजोर एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि मंडल आयोग के अध्यक्ष के रूप में बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल ने सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों की स्थिति का अध्ययन कर महत्वपूर्ण सिफारिशें प्रस्तुत कीं, जिनका देश की सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था पर व्यापक प्रभाव पड़ा। उनकी सिफारिशों ने सामाजिक न्याय की अवधारणा को नई दिशा प्रदान की।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि मंडल जी का जीवन सभी वर्गों के सम्मान, समान अवसर और न्याय के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।






