Sunday, August 9, 2026
HomeBiharट्रेन की सीट के नीचे लावारिस बोरियों से 372 लीटर महुआ शराब...

ट्रेन की सीट के नीचे लावारिस बोरियों से 372 लीटर महुआ शराब बरामद, जीआरपी में केस दर्ज

गयाजी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया की टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत गश्त के दौरान गया जंक्शन पर ट्रेन से 372 लीटर लावारिस महुआ देशी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 37,200 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा, सीपीडीएस टीम और राजकीय रेल थाना गया की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गश्त एवं आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान 13553 आसनसोल-वाराणसी पैसेंजर गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची।
ट्रेन की जांच के दौरान सीट के नीचे कुछ प्लास्टिक की बोरियां संदिग्ध अवस्था में मिलीं। आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बोरियों पर अपना दावा नहीं किया। बोरियों की जांच करने पर उनमें देशी शराब बरामद हुई।
सभी बोरियों को प्लेटफॉर्म संख्या-1 के दिल्ली छोर, पोल संख्या 470/01 के पास उतारकर विधिवत जांच की गई। कुल 62 सफेद पॉलीथिन में करीब 6-6 लीटर महुआ देशी शराब, यानी कुल 372 लीटर शराब बरामद हुई।
इस मामले में आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक एमके अकेला के शिकायत पत्र के आधार पर राजकीय रेल थाना गया में कांड संख्या 205/26 के तहत बिहार मध्य निषेध अधिनियम की धारा 30(A) में मामला दर्ज किया गया है। शराब को विधिवत जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!