Monday, September 21, 2026
HomeBiharगया में आइसा बिहार का दो दिवसीय राज्य सम्मेलन कल से, जुटेंगे...

गया में आइसा बिहार का दो दिवसीय राज्य सम्मेलन कल से, जुटेंगे सैंकड़ों छात्र

सम्मेलन के खुले सत्र में विभिन्न प्रोफेसर, विधायक एवं पूर्व विधायक तथा आइसा के राष्ट्रीय महासचिव एवं अध्यक्ष शामिल होंगे– धनंजय*

गयाजी।9–10 मई को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन आइसा का 16वां बिहार राज्य सम्मेलन प्रेमचंद सभागार, गया कॉलेज में होने जा रहा है। इस सम्मेलन में एनडीए सरकार द्वारा बिहार और देश भर में जारी शिक्षा, रोजगार, लैंगिक एवं सामाजिक न्याय पर हमलों के खिलाफ व्यापक छात्र आंदोलन की योजना बनाई जाएगी।

इस सम्मेलन में यूजीसी रेगुलेशन लागू करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और VBSA बिल को वापस लेने, फीस वृद्धि पर रोक लगाने, सभी विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने इत्यादि मांगों को लेकर व्यापक आंदोलन पर चर्चा और उसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी।

आइसा राज्य सचिव सबीर कुमार ने बयान जारी करते हुए कहा कि साझी शहादत, साझी विरासत के प्रतीक 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वर्षगांठ पर आयोजित इस सम्मेलन में बिहार भर से सैकड़ों प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन की शुरुआत 9 मई को दोपहर 2 बजे अम्बेडकर पार्क में अम्बेडकर मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ होगी, जिसके बाद गया कॉलेज तक मार्च निकाला जाएगा।

आइसा नेता और जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष धनंजय ने बताया कि सम्मेलन का खुला सत्र 9 मई को शाम 4 बजे प्रेमचंद सभागार, गया कॉलेज में आयोजित होगा।

इस सत्र में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर प्रणय कृष्ण, भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ, पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा एवं मनोज मंजिल, आइसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा एवं महासचिव प्रसेनजीत कुमार शामिल होंगे। सम्मेलन में मगध विश्वविद्यालय के कई प्रोफेसर एवं बिहार के कई छात्र संगठनों के नेता भी शामिल होंगे।

Most Popular

error: Content is protected !!