Tuesday, May 19, 2026
HomeBiharशांतनु हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार।

शांतनु हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार।

गेहूं बिक्री के पैसों के लिए मंदबुद्धि किशोर की पत्थर से कुचलकर हत्या।


फिरौती के लिए अपहरण की थी साजिश, नाकाम होने पर शांतनु की निर्मम हत्या।


संवाददाता।बेलागंज थाना क्षेत्र के रौना शेरपुर गांव में 15 वर्षीय किशोर शांतनु कुमार की हत्या मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को बेलागंज थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी रविप्रकाश सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी। डीएसपी ने बताया कि मृतक शांतनु कुमार मंदबुद्धि था और अपराधियों ने पहले उसे नशीला पदार्थ खिलाया था। इसके बाद उसे गांव के बधार की ओर ले जाया गया, जहां पांच आरोपियों ने बारी-बारी से बड़े पत्थर से उसका सिर कुचलकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे पैसों का विवाद मुख्य कारण था। बताया गया कि मृतक के घर में पूर्व में गेहूं की बिक्री हुई थी, जिससे कुछ रुपये घर में रखे गए थे। आरोपियों की साजिश थी कि शांतनु का अपहरण कर उसके परिजनों से फिरौती की रकम मांगी जाएगी। हालांकि अपराधी अपनी योजना में सफल नहीं हो सके। बाद में पहचान उजागर होने के डर से किशोर की निर्मम हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद बेलागंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, पूछताछ और स्थानीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बड़ा पत्थर एवं अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। डीएसपी रविप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है तथा सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही पूरे षड्यंत्र का पूर्ण खुलासा कर लिया जाएगा। गिरफ्तार लोगों में विकाश कुमार, पिता पप्पू ठाकुर रौना बाजार एवं विकास कुमार पिता स्व रामपुरा सिंह, विनोद कुमार पिता सुरेश साब, अजीत कुमार पिता राजिंद्र मांझी, रवि कुमार पिता रमेश राम, सकेंद्र मांझी पिता बूटाई मांझी, सभी शेरपुर थाना बेलागंज जिला गया शामिल हैं।

Most Popular

error: Content is protected !!