गया।गुरुआ प्रखंड में पत्रकार अमित कुमार के साथ कथित मारपीट, बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने कड़ा आक्रोश जताते हुए मंगलवार को जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने समाहरणालय पहुंचकर डीएम और एसएसपी से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ पत्रकार एवं यूनियन के मार्गदर्शक मंडल सदस्य कमलेश कुमार सिंह भी शामिल रहे। यूनियन ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसएसपी ने आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने इस घटना को लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता की गरिमा पर सीधा हमला बताया। संगठन का कहना है कि यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो आम लोगों की आवाज कौन उठाएगा। लगातार पत्रकारों को धमकाने और उन पर हमले की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं।
यूनियन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सत्ता और राजनीतिक प्रभाव के बल पर कानून को हाथ में लेने की कोशिश कर रहे हैं। पत्रकार अमित कुमार के साथ हुई कथित मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना को संगठन ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
इस दौरान संरक्षक मंडल सदस्य मनोरंजन कुमार, महासचिव रौशन कुमार, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश, नीरज कुमार सिंह, अक्षय कुमार, राजेश कुमार मिक्की, सुजीत कुमार, प्रदीप रंजन, कुमुद रंजन, रवि भूषण, संजीव कुमार सिन्हा, अभिषेक कुमार, आकाश रौशन उर्फ चुन्नू, आकाश कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
