झपट्टा मारकर बैग लेकर भागे उचक्के, जांच में जुटी पुलिस।
बेलागंज।नेशनल हाईवे पर बेलागंज थाना क्षेत्र के प्राणपुर मोड़ के समीप मंगलवार को बाइक सवार अपराधियों ने एक दंपति से दो लाख रुपये छीन लिए और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित दंपति ने बेलागंज थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के परवल बिगहा गांव निवासी मो. मुन्ना अपनी पत्नी नूरी खातून के साथ भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से दो लाख रुपये की निकासी कर घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि उनकी पोती का विवाह होने वाला है, जिसके लिए आवश्यक खर्चों को पूरा करने हेतु उन्होंने बैंक से राशि निकाली थी।
दंपति जब नेशनल हाईवे पर प्राणपुर मोड़ के समीप पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने झपट्टा मारकर रुपये से भरा बैग छीन लिया और तेज गति से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि दंपति संभल भी नहीं सके और अपराधी मौके से निकल भागे। घटना के बाद पीड़ितों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर जा चुके थे। सूचना मिलने पर बेलागंज थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि दंपति द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस छिनतई की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
