Tuesday, June 16, 2026
HomeBiharगया में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 45 लाख की लूट...

गया में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 45 लाख की लूट का खुलासा

गयाजी। गयाजी जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ज्वेलरी शॉप से हुई लगभग 45 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के दौरान लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्य मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस के अनुसार, ज्वेलरी दुकान में हुई बड़ी लूट की घटना के बाद लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध अपराधियों की पहचान होने पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो अपराधियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट की वारदात में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फरार तीन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई को गया पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Most Popular

error: Content is protected !!