वजीरगंज। प्रखंड की अमैठी पंचायत के बुधौल गांव में सोमवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर जेवरात व नकदी की चोरी कर ली। घटना पप्पू यादव के घर की है। मंगलवार सुबह परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब 20 हजार रुपये नकद गायब मिले।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर रात के अंधेरे में घर में घुसे और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर अमैठी पंचायत के मुखिया अशोक पासवान भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
