बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-22 किनारे स्थित कुशल युवा केंद्र (केवाईपी) में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर केंद्र से एक टीवी, दो लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वहीं एक लैपटॉप को तोड़कर क्षतिग्रस्त भी कर दिया। केंद्र के संचालक विनोद कुमार ने बताया कि इस घटना में संस्थान को करीब 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि चोरी के दौरान चोरों ने केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। घटना की सूचना मिलने के बाद बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। संचालक ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
