बेलागंज।चाकंद थाना पुलिस ने मारपीट के बाद हुई हत्या के एक मामले में फरार चल रही नामजद महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर जिले के चेरकी थाना क्षेत्र के इलरा-दुलरा गांव में छापेमारी कर की। थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि चाकंद थाना कांड संख्या 100/26 में नामजद महिला आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि वह चेरकी थाना क्षेत्र के इलरा-दुलरा गांव में छिपी हुई है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और महिला को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व चाकंद थाना क्षेत्र के पीर बिगहा गांव में रुपये के लेनदेन को लेकर राजमिस्त्री मजदूरों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर एक मजदूर के साथ आरोपित पक्ष ने मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों के बयान पर चाकंद थाना में कांड संख्या 100/26 दर्ज कर कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। मामले के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि हत्या के इस मामले में फरार सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सभी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
