पोखरा में नहाने के दौरान हुआ हादसा, चिचौरा गांव में पसरा मातम
कोंच (गयाजी)। नेपाल भ्रमण पर गए गया जिले के एक युवक की पोखरा स्थित फेवा झील में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान कोंच प्रखंड के चिचौरा गांव निवासी स्वर्गीय संजय शर्मा के 28 वर्षीय पुत्र रोहित शर्मा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रोहित अपने चार दोस्तों के साथ नेपाल घूमने गया था। शुक्रवार को सभी मित्र पोखरा के प्रसिद्ध ताल बाराही मंदिर में दर्शन करने के बाद फेवा झील के किनारे पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोहित झील में स्नान करने के लिए उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने बचाव का प्रयास किया तथा सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद रोहित को पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि युवक को लगभग 10 फीट गहरे पानी से निकाला गया था। घटना की पुष्टि समाजसेवी कुनाल कुमार ने की है।
उधर, जैसे ही हादसे की खबर चिचौरा गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोखरा पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है तथा उसे स्वजनों तक पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
