बेलागंज।चाकंद थाना की पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि थाना में दर्ज विभिन्न कांडों में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में अभियान चलाकर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कासमा गांव निवासी मो. आसिफ, शादीपुर टोला इस्लाम नगर निवासी नजमा खातून, कौर बिगहा निवासी बाबूचंद यादव, नवीनगर निवासी कारू अंसारी तथा बारा गांव निवासी मुरा मांझी शामिल हैं। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि अपराधियों और फरार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
