Friday, July 17, 2026
HomeBiharएक ही परिवार की दो बेटियां हुईं लापता, कोंच थाना में प्राथमिकी...

एक ही परिवार की दो बेटियां हुईं लापता, कोंच थाना में प्राथमिकी दर्ज

कोंच। कनौसी पंचायत के एक गांव से एक ही दिन में दो सगी बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस दोनों युवतियों की तलाश में जुट गई है। पीड़ित पिता की शिकायत पर कोंच थाना में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

थाना को दिए गए आवेदन में पिता ने बताया है कि उनकी 20 वर्षीय एवं 19 वर्षीय पुत्री 4 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे घर से निकल गईं और वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका। बाद में मिली जानकारी के आधार पर पिता ने आरोप लगाया कि गांव का एक युवक बड़ी बेटी को तथा गुरारू क्षेत्र का एक युवक छोटी बेटी को अपने साथ ले गया है।

परिजनों के अनुसार, इससे पहले भी दोनों बहनें घर छोड़कर चली गई थीं, लेकिन उस समय ग्रामीणों और परिवार के लोगों के प्रयास से उन्हें वापस घर लाया गया था। इस बार फिर दोनों के अचानक गायब हो जाने से परिजन परेशान हैं और उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कोंच थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुदेह कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर कांड संख्या 230/26 दर्ज कर लिया गया है। युवतियों की बरामदगी और मामले में नामजद लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियों का जल्द पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Most Popular

error: Content is protected !!