वाह रे चोर!
पूरी स्कॉर्पियो छोड़ गए,
आगे के दोनों चक्के खोलकर हुए फरार
वजीरगंज। वजीरगंज थाना क्षेत्र की अमेठी पंचायत अंतर्गत महुएत गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की अनोखी वारदात को अंजाम दिया। चोर पूरी स्कॉर्पियो ले जाने के बजाय उसके आगे के दोनों चक्के खोलकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो अमैठा गांव निवासी जितेंद्र यादव की है। वाहन को महुएत गांव निवासी चालक पंकज कुमार अपने घर के पास खड़ा करता था। पंकज ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे तक वह गाड़ी के पास था। शुक्रवार सुबह भाई ने बताया कि वाहन ईंट के सहारे खड़ा है और आगे के दोनों चक्के गायब हैं।घटना की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अमेठी पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि विकास कुमार ने पुलिस से जल्द खुलासा और गिरफ्तारी की मांग की है। चालक पंकज कुमार ने शुक्रवार को वजीरगंज थाना में लिखित आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
