Wednesday, July 22, 2026
HomeBiharराष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस पर भाजपा नेताओं ने फहराया तिरंगा, राष्ट्र की...

राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस पर भाजपा नेताओं ने फहराया तिरंगा, राष्ट्र की एकता और अखंडता का दिलाया संकल्प

गया। राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा के नेतृत्व में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” तथा “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा” के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि 22 जुलाई 1947 भारतीय इतिहास का एक गौरवशाली दिवस है। इसी दिन संविधान सभा ने तिरंगे को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अंगीकृत किया था। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता, स्वाभिमान और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग त्याग, साहस और बलिदान का संदेश देता है, श्वेत रंग सत्य, शांति और सद्भाव का प्रतीक है तथा हरा रंग समृद्धि, विकास और प्रकृति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं ध्वज के मध्य स्थित अशोक चक्र निरंतर प्रगति, न्याय और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की उन्नति में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें उन वीर शहीदों के अद्वितीय बलिदानों की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में गोपाल यादव, संतोष ठाकुर, सुनील मिश्रा, राणा रणजीत सिंह, राजू मिश्रा, श्याम किशोर मिश्रा, मनोज रजक, दीपक पांडे, बबलू गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Most Popular

error: Content is protected !!