टिकारी (गया)। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुधवार की शाम टिकारी में छात्रों के समर्थन में विरोध मार्च निकाला गया। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं तथा छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-युवा, किसान नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
विरोध मार्च का नेतृत्व मो. जफर बारी अंसारी उर्फ छोटू मियां ने किया। मार्च दुर्गा स्थान चारमुहानी मोड़ के पास पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की मांग की। इसके बाद प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और इस पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बहाल करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पार्षद रामचंद्र आजाद, मो. नईम, खुर्शीद अहमद, मिथलेश ठाकुर, दीनानाथ यादव, मो. अख्तर, मो. मोनू आलम, चितरंजन प्रसाद, मो. मुमताज, मो. सुलतान, राजेश शर्मा, घनश्याम कुमार एवं विनीत राही समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
