कोंच (गया)। कोंच प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को बिजली से जुड़े दो अलग-अलग हादसों में एक युवती और एक व्यक्ति घायल हो गए। एक ओर जहां आकाशीय बिजली गिरने से युवती झुलस गई, वहीं दूसरी ओर घरेलू बिजली तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। दोनों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसावां गांव निवासी विपिन पासवान की 21 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सीएचसी कोंच लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संदीप कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार युवती की स्थिति फिलहाल स्थिर है तथा उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इलाज के दौरान हेल्थ मैनेजर मोहम्मद वसीमुद्दीन एवं डॉ. मनोज कुमार भी मौजूद रहे।
वहीं दूसरी घटना कोंच बाजार की है, जहां रामप्रवेश पासवान घरेलू बिजली के तार की चपेट में आकर झुलस गए। परिजनों ने उन्हें भी तुरंत सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉ. रिजवान हैदर, डॉ. मनोज कुमार एवं रामानुज कुमार ने उनका उपचार किया। चिकित्सकों ने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर है और उस पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली एवं करंट से होने वाली घटनाओं को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
