आईजी ने निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश, चौकीदार पर लापरवाही और मिलीभगत की हुई पुष्टि पर शेरघाटी थाना अध्यक्ष एवं चौकीदार सस्पेंड।
शेरघाटी। शेरघाटी थाना क्षेत्र की लॉ की छात्रा दिव्या कुमारी हत्याकांड में पुलिस महानिरीक्षक मगध प्रक्षेत्र, गया ने मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित विचारण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। मंगलवार को मृतका के परिजनों ने आईजी कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा।
उन्होंने आवेदन में आरोप लगाया है कि पहले से दर्ज मामलों में उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था तथा विरोध करने पर छात्रा का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी-1 की जांच रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि आवेदिका के आवेदन पर चौकीदार देवेन्द्र कश्यप ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की। जांच के अनुसार उन्होंने उल्टे आवेदिका को डांट-फटकार थाना से बाहर निकाल दिया गया। रिपोर्ट में आरोपी राहुल कुमार के साथ चौकीदार की कथित मिलीभगत का भी उल्लेख किया गया है।
साथ ही घटना से जुड़े कई तथ्यों को छिपाए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान सोशल मीडिया के कुछ पत्रकारों द्वारा पीड़ित पक्ष को कथित रूप से ब्लैकमेल करने और रंगदारी मांगने की शिकायत सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित पक्ष ने दबाव में कुछ राशि दिए जाने की भी बात कही है।
एसडीपीओ की जांच में यह भी पाया गया कि आवेदिका द्वारा 26 जून 2026 को शेरघाटी थाना जाने के दौरान चौकीदार देवेन्द्र कश्यप के विरुद्ध लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही प्रतीत हुए।
आईजी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने एवं दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा त्वरित विचारण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।
शेरघाटी से रंजीत कुमार की रिपोर्ट
