बच्चे प्रोजेक्ट के जरिए सीखेंगे गणित और विज्ञान का पाठ
वजीरगंज।प्रारंभिक शिक्षा को रोचक और व्यवहारिक बनाने की दिशा में वजीरगंज प्रखंड में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। शुक्रवार को मध्य विद्यालय वजीरगंज में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेणु कुमारी के देखरेख में प्रखंड के सभी 76 मध्य विद्यालयों के नामित शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए एक दिवसीय पियर लर्निंग सर्कल सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का फोकस प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग(पीबीएल) की अवधारणा को कक्षा तक पहुंचाना था। प्रखंड तकनीकी समूह के सदस्य सुनील कुमार ने बताया कि पी बी एल के माध्यम से बच्चे गणित और विज्ञान जैसे कठिन विषयों को प्रोजेक्ट बनाकर आसानी से समझ सकेंगे और उसे दैनिक जीवन में उपयोग कर पाएंगे।प्रशिक्षण में शिक्षकों ने गणित और विज्ञान पर आधारित लघु प्रोजेक्ट का प्रस्तुतिकरण भी किया। इस दौरान तकनीकी समूह के सदस्य *मानस श्रीवास्तव, नीतू कुमारी, रोहित कुमार मौर्य* ने शिक्षकों को प्रोजेक्ट तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीडीओ सह प्रधानाध्यापक *शंभू शरण सिंह* और शिक्षिका *पिंकी कुमारी* का विशेष सहयोग रहा। पदाधिकारियों ने कहा कि इससे बच्चों की रचनात्मकता और समस्या समाधान क्षमता दोनों बढ़ेगी।
