Monday, July 27, 2026
HomeBihar31 साल बाद घर लौटा लापता बेटा

31 साल बाद घर लौटा लापता बेटा

वजीरगंज के केनार चट्टी में भावुक हुआ पूरा गांव
-1995 में घर से गए थे साधु शर्मा
-रविवार को अचानक पहुंचे पैतृक घर
वजीरगंज।वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत केनार चट्टी गांव में रविवार को भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। वर्ष 1995 में लापता हुए साधु शर्मा आखिरकार करीब 31 साल बाद अपने घर लौट आए। उनके घर पहुंचते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे गांव में उनकी वापसी चर्चा का विषय बन गई।साधु शर्मा स्वर्गीय गनौरी ठाकुर के पुत्र हैं। 1995 में वे अचानक घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। समय के साथ उम्मीदें धुंधली पड़ती गईं, लेकिन परिवार ने उन्हें कभी भुलाया नहीं।रविवार को जब साधु शर्मा अचानक पैतृक घर पहुंचे तो परिवार के लोग उन्हें देखकर भावुक हो उठे। वर्षों से बेटे की राह देख रही मां और परिजनों की आंखें नम हो गईं। खबर फैलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचने लगे।
ग्रामीणों ने कहा कि यह घटना किसी चमत्कार से कम नहीं है। राजकुमार प्रसाद ने कहा कि हमने कभी नहीं सोचा था कि साधु शर्मा फिर लौटेंगे।अनिल प्रसाद ने कहा कि परिवार ने वर्षों इंतजार किया, आज सबकी आंखें नम हैं।लवकुश प्रसाद ने इसे ईश्वर की कृपा बताया। सुरेंद्र प्रसाद ने कहा, कि यह पल पूरे गांव के लिए ऐतिहासिक है।
विक्रम कुमार ने उनकी सकुशल वापसी पर खुशी जताते हुए स्वस्थ जीवन की कामना की।फिलहाल साधु शर्मा के 31 वर्षों तक कहां रहने और किन परिस्थितियों में परिवार से दूर रहने की जानकारी सामने नहीं आई है। उनकी रहस्यमयी गुमशुदगी और वापसी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।परिवार के लिए यह दिन लंबे इंतजार के बाद मिली सबसे बड़ी खुशी बन गया।

Most Popular

error: Content is protected !!