कोंच (प्रतिनिधि)। प्रखंड सभागार में मंगलवार को आयोजित गुरुगोष्ठी में शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों एवं विद्यालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने की। इस दौरान विद्यालयों में चल रहे शैक्षणिक कार्यों तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
समीक्षा के दौरान मध्य विद्यालय कनौदी एवं मध्य विद्यालय अमरा में पीबीएल से संबंधित कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इस पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित प्रधानाध्यापकों को कड़ी चेतावनी देते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में लापरवाही से विद्यालय की प्रगति प्रभावित होती है।
बैठक में मध्य विद्यालय ओहाबचक के प्रधानाध्यापक रामाकांत प्रसाद की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी। साथ ही शिक्षण कार्य में लापरवाही की शिकायत मिलने पर बीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुरुगोष्ठी में विद्यालयों में नियमित शिक्षण, छात्र उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता, विभागीय पोर्टल पर सूचनाओं की समय पर प्रविष्टि तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि वे विभागीय आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रखंड के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक प्रतिनिधि तथा शिक्षा विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।
