Tuesday, July 28, 2026
HomeBiharभिंदासपुर गांव में ट्रांसफार्मर पर गिरा ठनका, ट्रांसफार्मर नाकाम, अंधेरे में डुबा...

भिंदासपुर गांव में ट्रांसफार्मर पर गिरा ठनका, ट्रांसफार्मर नाकाम, अंधेरे में डुबा पूरा गांव

बेलागंज।बेलागंज प्रखंड के भींदासपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली बाधित होने से ग्रामीणों को पेयजल और खेतों की पटवन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग एवं क्षेत्रीय विधायक से जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे गांव के ट्रांसफार्मर पर गिर गई। बिजली गिरते ही ट्रांसफार्मर जल गया और पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। इसके बाद से गांव के घरों में अंधेरा पसरा हुआ है, वहीं बिजली से चलने वाले मोटर और सबमर्सिबल पंप बंद होने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समय धान की खेती का मौसम चल रहा है। खेतों में समय पर सिंचाई नहीं होने से फसलों के प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। बिजली नहीं रहने से किसान अपने खेतों की पटवन नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने स्थानीय विधायक से भी हस्तक्षेप कर जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है, ताकि गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो सके और लोगों को पेयजल व सिंचाई की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Most Popular

error: Content is protected !!