गया।गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नीमचक बथानी थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंध है या नहीं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
