वजीरगंज। वजीरगंज थाना क्षेत्र के सकरदास नवादा के समीप शुक्रवार को पुलिस ने बाइक से देसी शराब ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि भिंडस-चनंडिह मार्ग पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से 10 लीटर तथा बोरे में रखी 35 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान अतरी थाना क्षेत्र के अईमा चौकी ऐर गांव निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। इसके बाद गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
