बेलागंज (गया)।गया जिले के बेलागंज प्रखंड स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन बाबा कोटेश्वरनाथ धाम में शनिवार को श्रावणी मेला-2026 का भव्य एवं विधिवत शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। सावन के प्रथम दिन आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया। चारों ओर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रावणी मेला का उद्घाटन बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई शैलेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने बाबा कोटेश्वरनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर राज्य एवं प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि बाबा कोटेश्वरनाथ धाम आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण केंद्र है तथा श्रावणी मेला हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उद्घाटन समारोह में बिहार के पूर्व लोकायुक्त अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्याम किशोर शर्मा, अरवल विधायक मनोज शर्मा, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता सह भाजपा नेता मुकेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बाबा भोलेनाथ के दरबार में मत्था टेककर प्रदेश की खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की।
मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास समिति एवं प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। सुबह से ही जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज के गांवों एवं अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा कोटेश्वरनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ ही पूरे सावन माह तक धार्मिक अनुष्ठानों, जलाभिषेक, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से पूजा-अर्चना करने की अपील की है। श्रावणी मेला के उद्घाटन के साथ ही बाबा कोटेश्वरनाथ धाम एक बार फिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। सावन भर यहां हजारों शिवभक्त जलाभिषेक एवं दर्शन-पूजन के लिए पहुंचेंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहेगा। कार्यक्रम के दौरान मौके पर मंदिर न्यास कमिटी के अध्यक्ष झलकदेव शर्मा, उपाध्यक्ष किशोरी मोहन शर्मा, सचिव योगेंद्र शर्मा, स्थानीय बीडीओ संजय कुमार राय, सीओ सुधीर कुमार तिवारी, मेन थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य उपस्थित रहे।
