मोहरा (गया)। मोहरा प्रखंड के गांधीनगर में पेयजल संकट की शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नए चापाकल चालू करा दिए। ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले सामूहिक रूप से एसडीएम को क्षेत्र में चापाकलों की कमी और पेयजल समस्या से अवगत कराया था।
गुरुवार को एसडीएम स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद दो नए चापाकल चालू कर दिए गए, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि गांधीनगर के कुछ हिस्सों में अभी अतिरिक्त चापाकलों और वाटर स्टैंडपोस्ट की आवश्यकता है। इस पर एसडीएम ने पीएचईडी के जूनियर इंजीनियर (JE) एवं सहायक अभियंता (AE) को आवश्यक स्थानों पर नए चापाकल और वाटर स्टैंडपोस्ट का निर्माण शीघ्र कराने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए शेष आवश्यक पेयजल सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।
