बेलागंज। बेलागंज थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक दहेज प्रताड़ना मामले का नामजद अभियुक्त है, जबकि दूसरा मारपीट एवं जानलेवा हमले के मामले में वांछित था। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी एक महिला ने अपने पति एवं ससुर के विरुद्ध दहेज की मांग करने, प्रताड़ित करने तथा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए बेलागंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त जमील अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव में दर्ज मारपीट एवं जानलेवा हमले के मामले में की गई। इस मामले में वादी द्वारा गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट करने तथा जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नामजद अभियुक्त उदय यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों के फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
