ब्रह्म स्थान के पास हुआ हादसा, स्वतंत्रता दिवस पर मातम में डूबा इलाका
वज़ीरगंज।गया-राजगीर राष्ट्रीय उच्च मार्ग-82 पर वजीरगंज बैरियाके ब्रह्म स्थान के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 60 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान वज़ीरगंज थाना क्षेत्र के करजरा पंचायत अंतर्गत कौआखोह गांव निवासी मानो देवी, उम्र करीब 60 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला ब्रह्म स्थान के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग -82 पर खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही भिंडस ओपी के एएसआई रजनीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस अब फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वतंत्रता दिवस के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






