पिपरा गांव में मंत्री विजय सिन्हा ने की शुरुआत, 30 सितंबर तक पूरा होगा लक्ष्य
वज़ीरगंज।कृषि विभाग की महत्वाकांक्षी योजना डिजिटल क्रॉप सर्वे का शुभारंभ शनिवार को वज़ीरगंज प्रखंड की पूरा पंचायत के पिपरा गांव में हुआ। गया जिला के प्रभारी सह बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसान मुन्ना यादव के धान के खेत में पहुंचकर स्वयं फसल का सर्वे कर इस प्रक्रिया की शुरुआत की।
इस मौके पर किसानों ने प्रखंड मुख्यालय में *विस्कोमान भवन* की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंत्री को आवेदन सौंपा। किसानों ने कहा कि भवन बनने से क्षेत्र के किसानों को कृषि संबंधी सुविधाएं एवं सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
बीएओ सरोज कुमार मेहता ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत प्रत्येक प्लॉट का सर्वे किया जाना है। इसके माध्यम से खेतों में लगी फसलों की वास्तविक स्थिति का डिजिटल डाटा तैयार किया जा रहा है। इससे फसल बीमा, मुआवजा और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों को समय पर मिल सकेगा। सर्वे का लक्ष्य 30 सितंबर 2026 तक पूरा करने का निर्धारित किया गया है।
इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी रौशन कुमार, थानाध्यक्ष नीरज कुमार समेत कृषि विभाग के कर्मी, मुखिया प्रतिनिधि संचित कुमार उर्फ पिंटू जी, पूर्व मुखिया पारसनाथ सिंह, भाजपा नेता विनय कुमार, डॉ. सुरेंद्र प्रसाद सिंह, कृषि समन्वयक कुमार योगेश, रजनीकांत कुमार, सुधीर कुमार, पवन कुमार, प्रिंस कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।






