वजीरगंज। सड़क हादसे में जान गंवाने वाली महिला के परिजन को सोमवार को प्रखंड कार्यालय में पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता दी गयी। बीडीओ प्रभाकर सिंह ने मृतका की आश्रित जूली विश्वकर्मा को चेक सौंपा।
बीडीओ ने बताया कि शनिवार को ब्रह्मस्थान के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गयी थी। घटना के बाद प्रशासन की ओर से उसके आश्रित को पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिया गया। मुखिया राजकुमार शर्मा ने बताया कि मृतका का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। ऐसी स्थिति में परिजनों को अंतिम संस्कार करने में भी परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि अंत्येष्टि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि भी परिवार को उपलब्ध करायी गयी है। मौके पर वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।






