बेलागंज। चाकंद थाना क्षेत्र में अवैध देसी शराब के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। थाना क्षेत्र के शादीपुर भुई टोली गांव से पुलिस ने करीब 35 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शादीपुर भुई टोली में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को करीब 35 लीटर देसी महुआ शराब बरामद हुई। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसके कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है। चाकंद थाना पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।







