गया। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 के सफल एवं सुगम संचालन को लेकर विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की विद्युत समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, गया ग्रामीण द्वारा व्यापक स्तर पर मेंटेनेंस एवं विद्युत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, गया ग्रामीण के कार्यपालक अभियंता बिनोद कुमार द्वारा तैयारियों एवं मेंटेनेंस कार्यों का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में अभियंताओं एवं तकनीकी कर्मियों की टीम द्वारा विभिन्न विद्युत प्रतिष्ठानों एवं मेला क्षेत्र का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
*प्रमुख तैयारियां*
● विद्युत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण: जर्जर विद्युत तारों, पोल, ट्रांसफॉर्मर, फीडर एवं सब-स्टेशनों की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
● निर्बाध विद्युत आपूर्ति: मेला क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बैकअप एवं वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जा रही है।
● निरंतर निगरानी: अभियंताओं एवं तकनीकी टीमों द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त एवं निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि संभावित विद्युत समस्याओं की पहचान कर उनका समय पर समाधान किया जा सके।
● त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था: मेले के दौरान किसी भी आकस्मिक विद्युत समस्या के उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
विद्युत विभाग ने आश्वस्त किया है कि पितृपक्ष मेला के दौरान लाखों की संख्या में गया आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाएगा। मेला क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है।






