Friday, August 21, 2026
HomeBiharकचनपुर प्राथमिक विद्यालय में अनियमितताओं की जांच, बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण

कचनपुर प्राथमिक विद्यालय में अनियमितताओं की जांच, बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण

बेलागंज। प्रखंड के कचनपुर प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) समेत अन्य अनियमितताओं को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रखंड प्रशासन हरकत में आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार राय ने शुक्रवार को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति, उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था तथा विद्यालय की अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने उपस्थिति पंजी की जांच की। उन्होंने बताया कि पंजी में कुल 43 बच्चों की उपस्थिति दर्ज थी। वहीं, ग्रामीणों की ओर से लगातार शिकायत की जा रही थी कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा उपस्थिति पंजी में वास्तविक संख्या से अधिक बच्चों की उपस्थिति दर्ज की जाती है। ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति कभी भी 30-40 से अधिक नहीं रही है। ऐसे में पंजी में दर्ज उपस्थिति को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय ने बताया कि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कुछ अनियमितताएं सामने आई हैं। इन मामलों को लेकर प्रधानाध्यापिका को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने विद्यालय में बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
बीडीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यालय में बच्चों के हित से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बच्चों के जीवन और स्वास्थ्य से खिलवाड़ तथा सरकारी राशि के दुरुपयोग या गबन की शिकायत को प्रशासन गंभीरता से लेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित मानकों के अनुसार बच्चों तक पहुंचाना संबंधित विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है। लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के बाद विद्यालय प्रबंधन को सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और सरकारी नियमों के अनुरूप विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद विद्यालय में व्याप्त कथित अनियमितताओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!