वजीरगंज।प्रखंड के मध्य विद्यालय तरवां में शुक्रवार की सुबह विषैला सांप दिखाई देने से छात्रों और शिक्षकों में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। विद्यालय परिसर में सांप के विचरण की जानकारी मिलते ही छात्र सहम गए और सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।
शिक्षकों ने सांप की मौजूदगी की सूचना संबंधित व्यक्ति को दी, जिसके बाद वह विद्यालय परिसर में पहुंचा और सांप को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। काफी सावधानी के बाद सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। बताया गया कि पकड़ा गया सांप गेहूमन प्रजाति का था। रेस्क्यू के दौरान सांप ने फन निकाल लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया।
रेस्क्यू किए गए सांप को बाद में नदी किनारे स्थित वीरान क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। सांप के विद्यालय परिसर में पहुंचने की घटना के बाद आसपास के लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। हालांकि, समय रहते सांप को पकड़ लिए जाने से किसी भी छात्र या शिक्षक को नुकसान नहीं पहुंचा।
विद्यालय में सांप मिलने की घटना के बाद शिक्षकों ने परिसर में विशेष सतर्कता बरतने की बात कही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना से किसी प्रकार की अनहोनी न हो।






