विधायक अजय दांगी ने कहा- ऐतिहासिक मंदिर के विकास की जरूरत, इशिता विश्वकर्मा की प्रस्तुति ने मोहा मन
कोंच (गया)। ऐतिहासिक कोंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर सोमवार को आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया। दो दिवसीय कोंचेश्वर महादेव महोत्सव का विधिवत शुभारंभ विधायक अजय दांगी एवं प्रखंड प्रमुख मणी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक अजय दांगी ने कहा कि कोंचेश्वर महादेव मंदिर की अपनी ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान है। मान्यता है कि मंदिर में शिवलिंग की स्थापना आदि गुरु शंकराचार्य ने की थी। ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल के विकास और संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने मंदिर परिसर की समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त पेयजल, चापाकल और बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए। मंदिर के ऊपरी हिस्से में मधुमक्खियों के छत्ते और उगे पौधों की भी सफाई जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठने के लिए कुर्सी को लेकर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच कहासुनी हुई। विधायक ने मामले को शांत कराते हुए कहा कि बाबा के दरबार में कुर्सी को लेकर विवाद उचित नहीं है। महोत्सव सभी का है और इसे आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए।
महोत्सव की पहली शाम सुप्रसिद्ध गायिका इशिता विश्वकर्मा की शानदार प्रस्तुति से यादगार बन गई। उनके भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
कार्यक्रम में एसडीओ प्रवीण कुंदन, बीडीओ चंदन कुमार, सीओ ऋतु सोनी, जदयू जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा, राजद नेता सुभाष यादव, जिला पार्षद सुरेश यादव, पैक्स अध्यक्ष रिया कुमारी, डॉ. रामाशीष कुमार, मो. आकिब आलम, सुजीत यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
महोत्सव 25 अगस्त तक चलेगा।






