कोंच (गया)। कोंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रहे दो दिवसीय महोत्सव का मंगलवार को भक्तिमय माहौल में समापन हो गया। अंतिम दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार रहे।
समापन अवसर पर विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से आए कलाकारों ने शिव आराधना पर आधारित गीत-संगीत की प्रस्तुतियां दीं। कुमार प्रिया, नंदनी भारद्वाज, सौम्या अथर्व और पूजा उपाध्याय की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। पटना, भागलपुर और मिथिला की सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया।
कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया। पूरा महोत्सव परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह में एसडीओ प्रवीण कुंदन, बीडीओ चंदन कुमार, सीओ रितु सोनी, थानाध्यक्ष आलोक रंजन सहित प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच का संचालन सिबेन्द्र कुमार मालवीय ने किया।






