खिजरसराय। कुड़वा पंचायत के कुड़वा सामुदायिक भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद, बीडीओ पूजा गहलोत, सीओ केशव किशोर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अनुपस्थित रहे, जबकि पीएचईडी के अधिकारी विलंब से पहुंचे।
शिविर में सबसे अधिक शिकायतें राशन कार्ड से जुड़ी रहीं। ग्रामीणों ने नया राशन कार्ड बनाने, परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने और कार्ड में सुधार कराने की मांग की। आवेदन भरने में लापरवाही की शिकायत पर विकास मित्र वीरेंद्र मांझी को अधिकारियों ने फटकार लगाई। पात्र लाभुकों के आवेदन भरकर जमा कराने का निर्देश दिया गया।
ग्रामीणों ने जन वितरण प्रणाली दुकानदार पर निर्धारित मात्रा से कम अनाज देने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि उन्हें चार किलो अनाज ही दिया जा रहा है। शिकायत पर एसडीओ ने संबंधित अधिकारी को जांच का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर डीलर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में दाखिल-खारिज, जमाबंदी, जमीन की मापी और सीमांकन से संबंधित मामले भी पहुंचे। अधिकारियों ने शिकायतें सुनकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। लड़कियां गांव के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय तक रास्ता नहीं होने की समस्या उठाई और रास्ते की व्यवस्था कराने की मांग की।
शिविर के दौरान ग्रामीणों के बीच जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया। मुखिया राजबल्लम पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष पिंकी देवी, विधायक प्रतिनिधि सच्चिदानंद सिंह, प्रखंड प्रमुख पति मंटू यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर नियमित आयोजित करने की मांग की। अधिकारियों ने कहा कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। इससे लोगों को प्रखंड व अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।






