बेलागंज।नगर प्रखंड अंतर्गत अमराहा पंचायत के शादीपुर गांव में आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। शिविर में कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सबसे अधिक 100 आवेदन जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र से संबंधित रहे। इसके अलावा एक आवेदन पैक्स से जुड़ी समस्या तथा एक शिकायत नाली-गली की समस्या को लेकर प्राप्त हुई। नाली-गली से संबंधित शिकायत का अधिकारियों ने मौके पर ही तत्काल निष्पादन कर दिया।
शिविर के नोडल अधिकारी सह चंदौती प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने को लेकर ग्रामीणों में काफी परेशानी देखी गई। शिविर में इस समस्या को लेकर लंबी कतार लगी रही और अधिकांश आवेदन इसी से संबंधित प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग के माध्यम से निष्पादित कराने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। वहीं, स्थानीय मुखिया फरहीन बानो ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़े मामलों के लंबित रहने पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी और पंचायत सचिव की कार्यशैली संतोषजनक नहीं है। आमलोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से दिए गए आवेदनों को भी लंबित रखा जाता है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने भी प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी और पंचायत सचिव की अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठाया। फरियादियों का कहना था कि जिन अधिकारियों से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जैसी महत्वपूर्ण समस्या का समाधान अपेक्षित है, उन्हीं के शिविर में मौजूद नहीं रहने से लोगों को अपनी शिकायत रखने में कठिनाई हुई। ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ प्रदीप कुमार चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि शिकायतों की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित दोनों अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश देने की बात कही। शिविर में मुखिया प्रतिनिधि बद्दउजमा, पंचायत समिति प्रतिनिधि मो. मुन्नतसिर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और उनके त्वरित समाधान की मांग की।






