बेलागंज। चाकंद थाना की पुलिस ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के अनुसंधान एवं निष्पादन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर इन आरोपियों को पकड़ा। उन्होंने बताया कि पहली कार्रवाई रानापुर गांव में की गई, जहां से नामजद आरोपी मो. तालीम उर्फ लड्डन, पिता मो. ताहिद आलम को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने बारा गांव में छापेमारी कर अनिल कुमार दास, पिता बच्चन दास को गिरफ्तार किया। वहीं, तीसरी कार्रवाई चाकंद बाजार में की गई, जहां से दयानंद प्रसाद, पिता ललन प्रसाद को पुलिस ने गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध चाकंद थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। इन मामलों में पुलिस द्वारा अनुसंधान एवं कार्रवाई की प्रक्रिया जारी थी। इसी क्रम में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान तेज होने का संकेत मिला है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही विभिन्न मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा।






