Friday, September 4, 2026
HomeBiharवजीरगंज में 360 लीटर महुआ शराब बरामद, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

वजीरगंज में 360 लीटर महुआ शराब बरामद, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

वजीरगंज। शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ वजीरगंज पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार  की शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक चारपहिया वाहन से करीब 360 लीटर देशी महुआ चुलाई शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि बुधवार की शाम पुलिस टीम क्षेत्र में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि फतेहपुर की ओर से एक चारपहिया वाहन में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर तस्कर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए मार्ग पर मेयारी मोड़ के समीप पहुंचकर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान संदिग्ध चारपहिया वाहन वहां पहुंचा। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार दो युवक गाड़ी छोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक मौके से भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार युवक की पहचान कुंदन कुमार (20 वर्ष), पिता रामविलास चौधरी, थाना फतेहपुर, गया के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान निखिल यादव, थाना गुरपा, गया के रूप में बताई गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार युवक की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखी गई करीब 360 लीटर देशी महुआ चुलाई शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ चारपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Most Popular

error: Content is protected !!