Sunday, September 13, 2026
HomeBiharउच्चतर माध्यमिक विद्यालय लाव, टिकारी की एचएम प्रतिमा कुमारी के निधन पर...

उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लाव, टिकारी की एचएम प्रतिमा कुमारी के निधन पर बेलागंज में शोक सभा

बेलागंज प्रखंड मुख्यालय स्थित रामेश्वर प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में शुक्रवार को उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लाव, टिकारी की प्रधानाध्यापिका प्रतिमा कुमारी के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। उनके असामयिक निधन से शिक्षक एवं शिक्षाकर्मियों में शोक की लहर है। शोकसभा में उपस्थित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने दिवंगत शिक्षिका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर की। इस दौरान सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। शोकसभा को संबोधित करते हुए रामेश्वर प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. अबरार आलम ने कहा कि प्रतिमा कुमारी एक साहसी, कर्मठ और प्रतिभावान प्रधानाध्यापिका थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में संबंधित विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ विद्यालय के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए लगातार प्रयास किया। कम समय में ही उन्होंने अपने कार्यों से शिक्षकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा कि प्रतिमा कुमारी का आकस्मिक निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक शिक्षिका और प्रधानाध्यापिका के रूप में उनके कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन से विद्यालय परिवार ने एक कर्मठ सहयोगी और समर्पित शिक्षिका को खो दिया है। शोकसभा में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों ने कहा कि प्रतिमा कुमारी का व्यवहार सहज और सहयोगात्मक था। उनके असामयिक निधन से सभी मर्माहत हैं। अंत में सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा उनके परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं बल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Most Popular

error: Content is protected !!