वजीरगंज। प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सहिया के पंचायत भवन स्थित अतिथि भवन में शनिवार, 12 सितंबर को वजीरगंज थाना की ओर से लोक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना अध्यक्ष नीरज कुमार, एसआई हर्षा कुमारी सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना रहा।
लोक संवाद के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर गांव की समस्याओं, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं आपराधिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि जनता पुलिस पर भरोसा जताए और पुलिस के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए, तो पुलिस भी जनता का भरपूर सहयोग करेगी। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करने में सहयोग करना भी है। ग्रामीण अपनी समस्याओं को बिना किसी संकोच के पुलिस के सामने रखें, पुलिस हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहेगी।
वहीं ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस एवं जनता के बीच इस तरह के संवाद से आपसी विश्वास मजबूत होता है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सम्राट सिंह, उप मुखिया मंटू सिंह, विकास सिंह, मित्तल सिंह, झूलन सिंह, चुन्ना सिंह एवं अरविंद सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
