Wednesday, September 16, 2026
HomeBiharविष्णुपद धाम के विकास से गया को मिलेगी नई पहचान : संतोष...

विष्णुपद धाम के विकास से गया को मिलेगी नई पहचान : संतोष कुमार सुमन

पटना। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने विष्णुपद मंदिर परिसर के व्यापक विकास और सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना के प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे गया और पूरे बिहार के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि गया के सांसद, हम (से.) के संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के प्रयासों से विष्णुपद धाम को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। विष्णुपद मंदिर परिसर के विकास के लिए 2,520 करोड़ रुपये तथा सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना के लिए 996.05 करोड़ रुपये, कुल 3,516.05 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि का प्रस्ताव रखा गया है।

डॉ. सुमन ने कहा कि विष्णुपद धाम देश-दुनिया में सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र है। परियोजना पूरी होने पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ गया में धार्मिक पर्यटन, रोजगार और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। वहीं सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना से जल प्रबंधन और कृषि क्षेत्र को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विकास की यह योजना गया को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगी।

Most Popular

error: Content is protected !!