कोंच (गया)। हरितालिका तीज के अवसर पर मंगलवार को कोंच प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ निर्जला व्रत रखा। महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु, सुख-शांति, समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की।
सुबह से ही गांवों में तीज पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। महिलाओं ने मेहंदी लगाई और सोलह शृंगार कर पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। कई गांवों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा की, जिससे माहौल भक्तिमय बना रहा।
मान्यता के अनुसार हरितालिका तीज का संबंध माता पार्वती की कठोर तपस्या से है। भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए माता पार्वती ने कठिन तपस्या की थी। इसी आस्था के तहत सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं।
महिलाओं ने बताया कि तीज केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। सामूहिक रूप से पूजा करने से महिलाओं में आपसी प्रेम, भाईचारा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
पूजा के दौरान महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती से सभी परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। पूजा के बाद हर-हर महादेव के जयघोष से गांवों का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर सुनीता देवी, नीता देवी, कविता देवी, रेखा देवी, संगीता देवी, अनीता देवी, पूजा देवी, ममता देवी, सरिता देवी और सीमा देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
