Wednesday, September 16, 2026
HomeBiharपरसावां में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों के सामने रखी गईं ग्रामीणों की...

परसावां में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों के सामने रखी गईं ग्रामीणों की समस्याएं

कोंच (गया)। परसावां ग्राम पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं से संबंधित जानकारी और सहायता दी गई। शिविर की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया दिलीप कुमार ने की। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार, बीडीओ चंदन कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी संजय कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी सुमन शेखर, सीडीपीओ, एएनएम रंजू कुमारी, पंचायत सचिव प्रीतेश कुमार, कार्यपालक सहायक हिमांशु कुमार सिन्हा समेत आवास सहायक, पंचायत कर्मी और सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने राशन कार्ड, आवास योजना, पेंशन, आंगनबाड़ी, कृषि और परिवहन सहित अन्य मामलों से जुड़ी परेशानियां अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभाग के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। वहीं जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिया गया।

मुखिया दिलीप कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का अवसर मिलता है। पंचायत के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के सहयोग से उनका समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों ने भी ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं बताएं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Most Popular

error: Content is protected !!