गया। ऑपरेशन नार्कोस के तहत गया रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल और राजकीय रेल थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 17.749 किलोग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 8 लाख 87 हजार 450 रुपये बताई गई है।
रेल सुरक्षा बल के अनुसार, 16 सितंबर की रात गया स्टेशन पर संयुक्त गश्ती और निगरानी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। ट्रेन संख्या 22811 अप तेजस राजधानी एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर करीब 22:20 बजे पहुंचने पर कोच संख्या 9 की बर्थ संख्या 21 पर बैठे यात्री की तलाशी ली गई। यात्री की पहचान पटना सिटी निवासी 47 वर्षीय मनोज कुमार वर्णवाल के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके झोले, हैंडबैग और ट्रॉली बैग से 17 पैकेट में कुल 17.749 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और यात्रा टिकट भी मिला। कार्रवाई के बाद करीब 00:50 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद सामान सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना गया को सौंप दिया गया।
