Monday, September 21, 2026
HomeBiharलूटे गए जेवर में तीन जोड़ी पायल बरामद, वारदात में प्रयुक्त बाइक...

लूटे गए जेवर में तीन जोड़ी पायल बरामद, वारदात में प्रयुक्त बाइक और बैग भी जब्त; अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी

किरण ज्वेलर्स के ऑनर से लूटकांड का उद्भेदन, दो अपराधी गिरफ्तार

नीमचक बथानी।नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में बीते 19 सितंबर को किरण ज्वेलर्स के संचालक के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटे गए जेवर में तीन जोड़ी पायल, एक बैग और वारदात में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को लूटकांड के अनुसंधान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। वहीं, घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि 19 सितंबर को किरण ज्वेलर्स के संचालक ने नीमचक बथानी थाना में आवेदन देकर लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि दुकान बंद कर घर लौटने के दौरान रास्ते में दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें रोक लिया। इसके बाद अपराधी उनका मोबाइल और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में दस जोड़ी पायल रखे हुए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वादी के आवेदन के आधार पर नीमचक बथानी थाना कांड संख्या 199/26 दर्ज किया गया। ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार, पिता सरोज राम, निवासी नैनपुर, थाना छबीलापुर तथा राजेश कुमार उर्फ डॉन, पिता छोटे राजवंशी, निवासी वीरचैत, थाना राजगीर के रूप में हुई है। दोनों का संबंध नवादा जिले से बताया गया है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार चंदन कुमार के खिलाफ नवादा जिले के विभिन्न थानों में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!