दुष्कर्म के प्रयास की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र में इलाज के लिए क्लिनिक पहुंची 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ कथित छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। फतेहपुर मोड़ के समीप संचालित एक ग्रामीण चिकित्सक के क्लिनिक में हुई इस घटना को लेकर पीड़िता की मां ने बेलागंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ग्रामीण चिकित्सक कुणाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार, अमझर गांव निवासी एक महिला की 14 वर्षीय पुत्री बुखार से पीड़ित थी। परिजन उसका इलाज कराने के लिए फतेहपुर मोड़ के समीप स्थित ग्रामीण चिकित्सक कुणाल यादव के क्लिनिक पहुंचे थे। महिला की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इलाज के दौरान चिकित्सक ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित ग्रामीण चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया। मामले को लेकर पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चिकित्सक कुणाल यादव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इलाज के लिए क्लिनिक पहुंची नाबालिग से जुड़े इस मामले ने क्षेत्र में चर्चा पैदा कर दी है। हालांकि, आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
